रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज रायपुर के सरोना स्थित राजपूत भवन में अमर शहीद आकाश राव गिरेपुंजे के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि “उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया, उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगा।”
मंत्री जायसवाल ने कहा, “शहीद आकाश राव गिरेपुंजे ने राष्ट्र सेवा और समर्पण का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अनुकरणीय है। ऐसे वीर सपूत का बलिदान युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। मैं उन्हें शत्-शत् नमन करता हूं।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, राजपूत समाज के पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति और वीरगाथा का भाव समाहित रहा।















