कोरबा 11 सितंबर। आगामी 9 अक्टूबर को प्रस्तावित बिजली उत्पादन कंपनी के मुख्यालय का घेराव सफल बनाने छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ ने दूसरे चरण में बिजली कर्मियों से संपर्क साध रहे हैं। सितंबर तक संपर्क अभियान से संगठन के पदाधिकारी हर एक बिजली कर्मियों से मिलकर घेराव आंदोलन के लिए एकजुट करेंगे।
चरणबद्ध आंदोलन के पहले चरण में राज्य बिजुली उत्पादन कंपनी के एचटीपीपी कोरबा-पश्चिम व डीएसपीएम प्लांट कोरबा के बिजली संयंत्र के बाहर नियमित व ठेका बिजली कर्मियों ने छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के बैनर तले सांकेतिक प्रदर्शन किया। आईटीआई चौक से कलेक्टोरेट तक रैली भी निकाली और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया था। अब आंदोलन के दूसरे चरण में बिजली कर्मियों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान 9 अक्टूबर को प्रस्तावित घेराव आंदोलन के लिए एकजुट कर रहे हैं। राज्य के दूसरे विभागों की तरह बिजली कंपनी में पुरानी पेंशन की बहाली की मांग करी है। साथ ही संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और ठेका कर्मियों की जॉब सुरक्षा को लेकर महासंघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है। इसके साथ ही बिजली कर्मियों के हित से जुड़ी अन्य मांगें भी है, जिसमें तकनीकी अमले में सेवाएं दे रहे कर्मियों को 3 फीसदी तकनीकी भत्ता, करियर प्रोन्नयन योजना से पदोन्नति, बिजली कंपनी के खाली पदों को भरने की मांग शामिल है।
’ तीसरे चरण में काली पट्टी लगाकर करेंगे काम
महासंघ के चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे चरण में 1 से 8 अक्टूबर तक बिजली कर्मचारी कार्यस्थल पर काली पट्टी लगाकर काम करेंगे और बिजली कर्मियों के हित के कई मुद्दे पर प्रबंधन की सहमति जताने के बावजूद लागू नहीं करने पर विरोध जताएंगे। इसके बाद 9 अक्टूबर को राज्य बिजली उत्पादन कंपनी मुख्यालय का घेराव आंदोलन भी प्रस्तावित है।















