छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात फिर एक हादसे ने लोगों का दिल दहला दिया है. भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई है. भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ये घटना हुई है.आपको बता दें कि रायपुर-धमतरी पुराने मार्ग में गुजरा गांव के नजदीक पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है. अज्ञात वाहन ने इन्हें जोरदार टक्कर मार दी. मौके पर ही बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई. घटना की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
गाड़ी चालक फरार: भखारा थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि गुजरा के पास रोड एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. मौके पर पुलिस टीम भेजी गई थी. अज्ञात वाहन की ठोकर से दरगाहन के रहने वाले बलराज पटेल 19 वर्ष और पोखन यादव 30 वर्ष की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. मामले की जांच की जा रही है. आरोपी फरार है. सीसीटीवी के जरिए आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें: सड़क सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाती रहती है. मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट और फोर व्हीलर गाड़ी चालकों को सीट बेल्ट बांधने को कहा जाता है. लेकिन फिर भी लोग लापरवाही बरतते हैं. धमतरी में बीती रात हुए सड़क हादसे में भी ऐसा ही लापरवाही सामने आई है. बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था. जिसका खामियाजा उन्हें अपनी जान देकर चुकाना पड़ा.















