कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के निर्देश पर जिले में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के अवसर पर “हिंद की चादर — श्री गुरु तेग बहादुर जी” विषय पर अंतरविद्यालयीन निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा द्वारा सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं।


आयोग की ओर से प्राप्त पत्र के अनुसार प्रतियोगिता कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए होगी। विद्यार्थी हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम दोनों में भाग ले सकते हैं। प्रत्येक विद्यालय को छात्रों को प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करने और निर्धारित प्रारूप में आवेदन संकलित कर जिला स्तर पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता से संबंधित नियम निर्देश की छाया प्रति संलग्न है संपर्क करने के लिए नंबर मनप्रीत कौर राजपाल प्राचार्य गुरु नानक पब्लिक हाई स्कूल इतवारी बाजार कोरबा 9300 22 5 999 एवं श्री रविंद्र सिंह सचिव गुरु नानक पब्लिक हाई स्कूल इतवारी बाजार कोरबा 9827 107 666 किसी भी तरह की जानकारी के लिए इनसे संपर्क करे।

प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्तर पर 26 नवंबर 2025 को किया जाएगा जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 28 नवंबर 2025 को संपन्न होगी। प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों के साथ सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹5100, द्वितीय ₹3100 और तृतीय ₹2100 निर्धारित है। इसी प्रकार राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹10000, द्वितीय ₹5100 और तृतीय पुरस्कार ₹3100 रखा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी अपने विद्यालयों में समय पर पहुंचाएँ तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करें। प्रतियोगिता के संचालन एवं नियमों के लिए नजदीकी नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने इसे गुरु तेग बहादुर जी के त्याग, बलिदान और मानवता के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को आयोग द्वारा सम्मान पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
















