कोरबा के निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें होटल के बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है। ग्राहक द्वारा बनाए गए इस वीडियो के सामने आने के बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल, न्यू दिल्ली स्वीट्स निहारिका में पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों को बाथरूम में धोए जाने का वीडियो बनाया। वीडियो में होटल के बर्तनों की सफाई बाथरूम में होती दिखाई दे रही है। ग्राहक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

जब होटल के कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि इमरजेंसी की स्थिति में यहां बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। हालांकि, होटल में खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तनों की सफाई के दौरान स्वच्छता के मानकों का पालन कितना किया जा रहा है, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों के साथ धोखा है।
होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके।
मोबाइल पर सम्पर्क करने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कहा कि मिठाई दुकान को नोटिस जारी कर कार्यवाई की जाएगी।
क्या बाथरूम में बर्तन धोने की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप है? और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो क्या होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी?
वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नजर अब संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।

















