तरदा गांव में दिल दहला देने वाली घटना, पत्नी की हालत गंभीर, सिम्स बिलासपुर रेफर; हत्या के पुराने केस में जेल काट चुका है आरोपी पति
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा में शनिवार शाम नशे की लत ने एक पति को इतना हैवान बना दिया कि उसने लोहे के हथौड़े से अपनी पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पत्नी कविता बाई जांगड़े (38) को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
पत्नी पर जानलेवा हमला करने के बाद भी आरोपी पति राइमंड प्रकाश जांगड़े का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपनी दोनों नाबालिग बेटियों को गोलियां थमाते हुए कहा, “अगर मेरी बेटी हो तो ये गोली खा लो।” रोज-रोज की मारपीट और पिता के जुल्म से तंग आकर बड़ी बेटी ने सचमुच गोली निगल ली, जिससे उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, राइमंड का अपनी पत्नी कविता बाई से करीब 20 साल पहले बेंदरकोना में विवाह हुआ था। पहले वह खेती-बाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन बुरी संगत में पड़कर नशे का आदी हो गया। नशे में वह अक्सर पत्नी के चरित्र पर शक करता और मारपीट करता था।
शनिवार शाम भी नशे की हालत में घर लौटा और बिना कुछ कहे-सुने पीछे से पत्नी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। कविता खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ीं। मां की यह हालत देखकर तीनों बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) डर के मारे पास के रिश्तेदारों के घर भाग गए।
मामला सामने आते ही अस्पताल चौकी प्रभारी विश्वनारायण चौहान टीम के साथ पहुंचे और घायल कविता बाई का बयान दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी राइमंड प्रकाश जांगड़े के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि राइमंड पहले भी अपराधी रहा है। उसके परिजनों ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई की हत्या के मामले में दोस्तों के साथ जेल जा चुका है और करीब चार साल पहले ही रिहा हुआ था।
मामले की जांच जारी है। गांव में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।















