Sunday, February 15, 2026

कोरबा में कबाड़ चोरों का आतंक: रेलवे पटरी काटकर ले गए, 2 करोड़ की सामग्री चोरी

Must Read

कोरबा जिले में कबाड़ चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पहले ब्रिज का करीब 30 टन लोहा चुराने के बाद अब चोरों ने रेलवे पटरी और उससे जुड़े भारी-भरकम सामान को निशाना बनाया है। बीते कुछ दिनों में चोरों ने लगभग 2 करोड़ रुपये की रेलवे सामग्री चोरी कर ली है, जिसमें पटरी, लोहे की प्लेटें और हैवी मशीनरी शामिल है।

यह मामला बांकी मोंगरा और कटघोरा थाना क्षेत्र का है। उरगा से पेंड्रा तक करीब 140 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने का काम शिवाकृति प्राइवेट कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इसी दौरान कुसमुंडा से कुचेना-जटगा के बीच 60 से 65 किलोमीटर के दायरे में रेलवे निर्माण सामग्री गायब मिली।

जानकारी के मुताबिक चोरी की वारदातें अलग-अलग दिनों में हुई हैं। चोरों ने पटरियों के बीच बिछने वाले लोहे के पार्ट्स को गैस कटर से काटकर ले गए। कई जगहों पर लोहे के पुर्जे कटे और टूटे हुए पाए गए हैं। इसके अलावा निर्माण स्थल पर खड़ी एक हाइड्रा मशीन के शीशे भी तोड़ दिए गए, जिससे कंपनी को अतिरिक्त नुकसान हुआ है।

कंपनी प्रबंधन ने इस पूरे मामले की शिकायत बांकी मोंगरा और कटघोरा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, गेवरा–पेंड्रा नई रेल लाइन परियोजना से करोड़ों की रेल सामग्री चोरी हुई है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है और परियोजना की समय-सीमा पर भी असर पड़ रहा है। वहीं, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी और मजदूर दहशत में हैं। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे मामले के पीछे संगठित कबाड़ गिरोह सक्रिय है, जो सुनसान इलाकों और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर रात के समय वारदात को अंजाम दे रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को कोरबा में 40 साल पुराने लोहे के पुल की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन 10 आरोपी अब भी फरार हैं। आरोपियों ने गैस कटर और सिलेंडर की मदद से पुल की करीब 80 फीट लंबी रेलिंग काटकर चोरी कर ली थी, जिससे इलाके में आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रेल लाइन निर्माण में चोरी की शिकायत मिली है और पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

- Advertisement -
Latest News

बुलडोजर चला नक्सलियों के स्मारक पर , देखिए वीडियो

नक्सलियों के आधार स्तम्भ पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। सुकमा जिले के बुर्कलंका में वर्ष 1998...

More Articles Like This