कोरबा। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले निहारिका मार्ग में बाइक सवार चार बदमाशों ने महज तीन मिनट के भीतर ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने स्कूटी से जा रहे बालको के रिटायर्ड कर्मी को रोक लिया। उन्होंने रेड पड़ने का भय दिखाकर जेवर उतारने की सलाह दी। जैसे ही रिटायर्ड कर्मी ने जेवर को उतारकर डिक्की में रखे,बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दस्तखत करने का झांसा दिया। उन्होंने करीब साढ़े चार लाख रूपए कीमती सोने के ब्रेसलेट व चेन को अपने पास रख लिया और नकली जेवर रिटायर्ड कर्मी को थमाकर नौ दो ग्यारह हो गए। मामले में पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
घटना सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे की है। सिविल लाइन थानांतर्गत खरमोरा में बालको के रिटायर्ड कर्मी समीर चटोपाध्याय निवास करते हैं। वे घंटाघर से नारियल पानी पीकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। श्री चटोपाध्याय निहारिका मार्ग स्थित मदिरा दुकान के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पीछे से बाइक में सवार होकर पहुंचे दो युवक ने इशारा कर रोक लिया। उनके रूकते ही एक युवक बाइक से उतरकर उनके पास जा पहुंचा। उसने रिटायर्ड कर्मी को घंटाघर में रेड पड़ने की जानकारी दी। इसके साथ ही श्री चटोपाध्याय को गले व हाथ में पहने सोने के ब्रेसलेट तथा चेन को निकालकर रख लेने की सलाह दी। उनकी बातों में आकर रिटायर्ड कर्मी ने जेवर को उतारकर डिक्की में रख लिया। इस बीच दूसरे युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दस्तखत करने के बहाने जेवर की पोटली अपने हाथ ले लिया। इसी पोटली को थोड़ी ही देर बाद लौटा दिया। इस बीच एक अन्य दोपहिया में सवार युवक आसपास की निगरानी करते रहे। वे रिटायर्ड कर्मी के रवाना होते ही मौके से भाग निकले। रिटायर्ड कर्मी को अपने ठगे जाने का अहसास तब हुआ, जब उन्होंने समीप ही स्थित एक प्रतिष्ठान में पहुंचने के बाद जेवर को पोटली से बाहर निकाला। इस पोटली में नकली जेवर रखा मिला। अपने साथ हुई ठगी की सूचना रिटायर्ड कर्मी ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास पूछताछ करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक ठगों का कोई सुराग हाथ नही लगा। बहरहाल पुलिस आरोपियों की पतासाजी में लगी हुई है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई करतूत
शहर के निहारिका मार्ग में बदमाशों ने महज तीन मिनट के भीतर साढ़े चार लाख रूपए कीमती सोने की चेन व ब्रेसलेट की ठगी कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची थाना प्रभारी और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बदमाशों की करतूत कैद मिली। चार बदमाश दो बाइक में सवार होकर पहुंचे थे। वे देखने में हृष्ट पुष्ट थे। उनके खुद को पुलिस बताने पर कोई भी धोखा खा सकता था।















