स्कूल–कॉलेजों के आसपास विशेष पेट्रोलिंग, कोटपा व एम.वी. एक्ट में की गई वैधानिक कार्यवाई।
कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत सघन एवं ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूल–कॉलेजों के आसपास विशेष पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छुट्टी के समय असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी, अनुशासनहीनता एवं नियमों के उल्लंघन की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। इसी क्रम में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आस्था शर्मा के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास सतर्कता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपा एक्ट के तहत कुल 06 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत 02 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही आदतन रूप से अनुशासनहीन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को समझाइश दी गई, ताकि शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त ब्लू बर्ड स्कूल के समीप तंबाकूजन्य सामग्री का विक्रय करते पाए जाने पर एक ठेले को तत्काल बंद कराया गया। यह कार्रवाई विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने एवं स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत आगे भी इसी प्रकार की सतत, सघन एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

















