बिलासपुर, 12 फरवरी। Income Tax Raid : गुरुवार को आयकर विभाग की अचानक कार्रवाई ने शहर के कारोबारी जगत में हड़कंप मचाया। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापारिक हलकों में चर्चा का माहौल गरम हो गया।
आयकर विभाग की टीम सुबह शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंची और फील ग्रुप के ऑफिस, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों की गाड़ियां एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर के साथ विभिन्न ठिकानों पर पहुंचीं। विभाग की अलग-अलग टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी आयकर विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने वहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा था। हालांकि अब तक आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में शुमार हैं, ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक वर्ग में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई हैं।















