कोरबा। जिले के ढपढप में आयोजित दिव्य हनुमत कथा का आज भव्य समापन हुआ, जहां आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। कथा के अंतिम दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे वातावरण को भक्ति में सराबोर कर दिया।
इस विशेष अवसर पर छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमन डेका कटघोरा पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने अग्रसेन भवन में कथा वाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से विशेष मुलाकात भी की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतिम दिन आयोजित 108 निःशक्त एवं गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह रहा, जिसने आयोजन को सामाजिक सरोकार और सेवा का अद्वितीय रूप प्रदान किया। इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं का मन जीता, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
कथा स्थल पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। मंच से प्रवचन देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कोरबा को “ऊर्जा नगरी” बताते हुए कहा कि यह शहर पूरे देश को प्रकाशित करता है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा हिंदुत्व की चार धाराओं से जुड़कर जागरूक हो रहा है, जो समाज और राष्ट्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
भव्य आयोजन के सफल समापन के साथ ही यह हनुमत कथा कोरबा जिले के लिए आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का एक यादगार अध्याय बन गई।















