कोरबा। छत्तीसगढ़ अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की है। कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और मांगों के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से स्कूलों में सफाई कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित वेतन और उचित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और घोषणाओं के बावजूद जमीनी स्तर पर लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक माह मानदेय भुगतान सुनिश्चित करना, डीपीआई द्वारा तय सेवा अवधि के अनुसार सुविधाएं देना, तथा लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण शामिल है। इसके अलावा, कर्मचारियों ने “मोदी की गारंटी” के तहत वर्ष 2023 में घोषित 50% वेतन वृद्धि को जल्द लागू करने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में कर्मचारियों को बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है, जो उनकी आजीविका के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने न्यूनतम 12,000 रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगामी समय में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।















