कोरबा | बालको नगर
“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको नगर पुलिस ने फर्नीचर दुकान में हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग ₹18,000 मूल्य का चोरी गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चल रही कार्रवाई के तहत यह सफलता मिली है।
कैसे हुई चोरी
मामला थाना बालको नगर क्षेत्र के परसाभाठा चौक स्थित लक्ष्मी फर्नीचर दुकान का है। प्रार्थी राजेश कुमार कश्यप ने 1 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मार्च की रात से 1 अप्रैल की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने दुकान की छत की शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मशीनें व औजार चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान में 3 रमदा मशीन, 1 बड़ा ड्रिल, 2 छोटे ड्रिल, 2 कटर मशीन, 1 ग्राइंडिंग मशीन, 2 हथौड़ी और 2 पेचकस शामिल थे।
ऐसे पकड़ में आया आरोपी
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। 17 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर संदेही मुकेश कुमार महिलांगे उर्फ मेडी (उम्र 27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके पास से चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया।
आगे की कार्रवाई
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर और दुकानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।















