कोरबा जिले के एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में श्रमिक दिवस के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में हिन्द मजदूर सभा फेडरेशन के अध्यक्ष श्री रेशम लाल यादव ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने खदानों और कॉलोनियों में व्याप्त डस्ट (धूल) और पानी की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खदानों में पर्याप्त रेस्ट शेल्टर की व्यवस्था नहीं होने से श्रमिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही कॉलोनियों की सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल प्रदूषण बढ़ रहा है।
श्री यादव ने प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग रखी कि कॉलोनियों में रोजाना पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए और सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि श्रमिकों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय मिश्रा, महाप्रबंधक (संचालन) श्री चौधरी, महाप्रबंधक गेवरा परियोजना श्री पार्थ मुखर्जी, महाप्रबंधक ई एंड एम श्री ए.के. सिंह, प्रमुख चिकित्सा सेवाएं श्रीमती विजय लक्ष्मी सहित हिन्द मजदूर सभा के महामंत्री श्री एस.डी. मानिकपुरी, सचिव श्री एस.सी. मंसूरी, गेवरा क्षेत्र के प्रतिनिधि रविंद्र स्वर्णकार, वेलफेयर सदस्य श्री राजेश सिंह, श्री मकसूद अंसारी, एरिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य श्री आर.एस. तिवारी, सुशील श्रीवास, शिव बंजारे एवं मुन्ना लाल साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्रमिकों के सम्मान के साथ-साथ उनके अधिकारों और समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई, जिससे भविष्य में समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।















