कटघोरा। कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर में रखे लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल एवं नगदी रकम पार कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में लगातार जांच जारी थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले दो आरोपी अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए चार अन्य आरोपियों—सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव और चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी हिमेश सोनी (निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा) को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात आरोपियों ने व्यापारी को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, दो जोड़ी चांदी की पायल, करीब 3 तोला सोने का बिस्किट, नगदी रकम और अन्य जेवरात बरामद किए हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे जांच जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कटघोरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।















