पश्चिम बंगाल की राजनीति में आखिरकार वो दिन आ ही गया, जिसका इंतजार पूरे देश को था। वर्षों तक बंगाल की सत्ता पर राज करने वाली ममता बनर्जी की राजनीति को बड़ा झटका देते हुए शुभेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं।
कोलकाता में हुई विधायक दल की हाईवोल्टेज बैठक में जैसे ही शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान हुआ, पूरा माहौल “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया, मिठाइयाँ बांटी गईं और कई जगह आतिशबाजी भी हुई।
कभी ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने अब उन्हीं के राजनीतिक किले पर कब्जा कर लिया है। राजनीति के गलियारों में इसे “बंगाल की सबसे बड़ी सियासी पटकथा” कहा जा रहा है।
आज कोलकाता में भव्य समारोह के बीच शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली। शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े नेताओं की मौजूदगी रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
















