बिलासपुर । जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत जिलेभर में कबाड़ कारोबारियों और गोदामों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 49 कबाड़ियों की जांच की, जिनमें से कई कारोबारियों द्वारा आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर 40 कबाड़ गोदामों को सील कर दिया गया। पुलिस द्वारा संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक वाहन को भी जप्त किया गया। वहीं 18 कबाड़ियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और बिना वैध दस्तावेजों के कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















