कोरबा। मुस्लिम धर्मावलंबियों का दूसरा सबसे बड़ा त्यौहार बकरीद अर्थात कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा 28 मार्च गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर बकरों की कुर्बानी दी जाएगी। पर्व से पहले शहर के ईदगाहों, मस्जिदों और अन्य इबादतगाहों में बकरीद की नमाज अता की जाएगी।
जहां एक ओर मुस्लिम समुदाय द्वारा अकीदत और उत्साह के साथ पर्व मनाने की तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों—कोतवाली, सिविल लाइन, मानिकपुर चौकी एवं सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के स्टाफ के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख मस्जिदों और इबादतगाहों के आसपास पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई गई तथा आम नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का संदेश दिया गया। टीपी नगर चौक पर यातायात विभाग के अधिकारियों और एएसआई मनोज कुमार राठौर के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नमाज के दौरान और उसके बाद उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी ईदगाहों एवं मस्जिदों के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करती रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।















