मार्च में ₹60 और अब ₹29 की बढ़ोतरी के बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत ₹1030.50 पर पहुंची; जिले के उपभोक्ताओं पर बढ़ा लाखों का बोझ।
कोरबा।पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच अब आम जनता को रसोई गैस का बड़ा झटका लगा है। जिले में घरेलू रसोई गैस (LPG) के दाम चार महीने के भीतर दूसरी बार बढ़ा दिए गए हैं। मार्च महीने में ₹60 की बढ़ोतरी के बाद अब एक बार फिर ₹29 की वृद्धि की गई है। इस ताज़ा बढ़ोतरी के बाद कोरबा में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹1030.50 हो गई है।
रोजाना पड़ेगा लाखों का अतिरिक्त बोझ
कोरबा जिले में रोजाना करीब 4,000 से अधिक रसोई गैस सिलेंडरों की खपत होती है। ऐसे में सिर्फ इस ताज़ा ₹29 की बढ़ोतरी से ही जिले के उपभोक्ताओं पर हर दिन लाखों रुपए का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। चार महीने पहले तक जो सिलेंडर ₹941.50 का मिल रहा था, वह मार्च में ₹60 बढ़कर ₹1001.50 का हुआ और अब ₹29 और महंगा होकर ₹1030.50 पर पहुंच चुका है। यानी मात्र चार महीनों में आम जनता की जेब पर प्रति सिलेंडर ₹89 की सीधी मार पड़ी है।
मध्यम और निम्न वर्ग की बढ़ी चिंता
लगातार बढ़ती महंगाई के कारण मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा गया है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि एक तरफ आमदनी नहीं बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ रसोई की बुनियादी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
महंगाई से सरकार की तिजोरी में बढ़ेगा टैक्स
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से जहां एक तरफ जनता की जेब कट रही है, वहीं दूसरी तरफ वस्तु एवं सेवा कर (GST) के जरिए केंद्र और राज्य सरकार का राजस्व (कमाई) भी बढ़ेगा।
- सिलेंडर पर 5 प्रतिशत GST लागू होता है।
- इस हिसाब से ₹29 की ताजा बढ़ोतरी पर प्रति सिलेंडर करीब ₹1.45 टैक्स के रूप में वसूला जाएगा।
- इस टैक्स में से केंद्र और राज्य सरकार दोनों को लगभग 72.5 – 72.5 पैसे का राजस्व मिलेगा।















