कोरबा,16 जून । बालकोनगर की प्रतिभाशाली बालिका पर्वतम योद्धा ने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल कर कोरबा जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि के बाद आज उन्होंने प्रदेश के उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन से सौजन्य मुलाकात कर अपना अनुभव साझा किया।शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
पर्वतम योद्धा अपने पिता के साथ कोहड़िया स्थित मंत्री लखनलाल देवांगन के निवास कार्यालय पहुंचीं, जहां मंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में मिली सफलता पर बालिका को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश की पहचान मजबूत कर रही हैं। पर्वतम योद्धा की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की सफलता यह साबित करती है कि यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
गौरतलब है कि दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में पर्वतम योद्धा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से बालकोनगर सहित पूरे कोरबा जिले में खुशी का माहौल है।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने पर्वतम योद्धा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी अपनी कला के माध्यम से देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहें। उन्होंने माँ सर्वमंगला से उनके निरंतर सफलता के नए शिखर छूने की प्रार्थना भी की।
पर्वतम योद्धा की यह सफलता कोरबा जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है, जो आने वाली पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।















