कोरबा :- कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हथियार के दम पर लूट की कोशिश करने वाले तीन नकाबपोश बदमाश तीन दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। वारदात के बाद से लगातार दबिश देने के बावजूद आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर अब कोरबा पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए जनता की मदद लेने का फैसला किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त फोटो सार्वजनिक किए गए हैं और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को ₹10 हजार का नगद इनाम देने की घोषणा की गई है।
कट्टे की नोक पर दहशत, आंखों में झोंका मिर्च पाउडर
घटना 1 जुलाई 2026 की है। दोपहर के समय तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वेलर्स में दाखिल हुए। कुछ ही क्षणों में उन्होंने अपना असली इरादा जाहिर कर दिया। एक बदमाश ने देशी कट्टा तानकर दुकान संचालक को धमकाया, जबकि दूसरे ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। बदमाश दुकान में रखे जेवरात लूटने की फिराक में थे, लेकिन संचालक के साहस और विरोध के कारण उनका पूरा प्लान नाकाम हो गया। घबराए बदमाश मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
बदमाशों की पूरी गतिविधि दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तस्वीरें निकाली हैं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर कटघोरा थाना में अपराध क्रमांक 237/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला कायम किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इन तीनों आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी हो, जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो उसे ₹10 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा : 07759-224500
थाना कटघोरा : 07815-25033,पुलिस कंट्रोल रूम, कोरबा : 07759-224031, 07759-222483















