कोरबा। कोरबा में एक युवक द्वारा बीच सड़क पर बोलेरो चालक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हैलीपेड हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां नशे में धुत एक युवक ने बोलेरो चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
पीड़ित बोलेरो चालक बुधवारी निवासी सोहेल अली ने बताया कि वह सीएसईबी पावर प्लांट में कार्यरत है। काम के सिलसिले में निहारिका की ओर जाते समय, एक काले रंग की नेक्सॉन कार धीमी गति से चल रही थी। सोहेल ने आगे बढ़ने के लिए हॉर्न बजाया।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नेक्सॉन चालक सुजल सोनवानी ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोक दी। वह गाड़ी से उतरकर सोहेल के साथ गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसे गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी।
युवक ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुजल सोहेल को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। घटना के समय स्कूलों की छुट्टी हुई थी, जिससे सड़क पर बच्चों और आम लोगों की भारी भीड़ थी। युवक की दबंगई देखकर लोग डर गए और किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं की।

घटना की वजह से सड़क पर लगा जाम
लगभग 15 मिनट तक सड़क पर जाम लगा रहा। किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाला युवक एसईसीएल कर्मी का बेटा है, जिसका नाम सुजल सोनवानी बताया जा रहा है और वह सुभाष ब्लॉक में रहता है। वह शराब के नशे में था।

दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि बोलेरो चालक सोहेल अली की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपी युवक की शिकायत पर बोलेरो चालक के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















