कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत निहारिका स्थित पतंजलि स्टोर से स्मृति उद्यान तक सड़क किनारे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों तथा नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया।
सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और लायंस क्लब के सदस्यों ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।















