निहारिका क्षेत्र में नगर निगम की शिकायत पर पुलिस ने दुकान संचालक और कर्मचारी के खिलाफ की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कोरबा। पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधे को कथित तौर पर कटवाकर फिंकवाना एक दुकान संचालक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की शिकायत पर रामपुर पुलिस ने दुकान संचालक और उसके कर्मचारी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, निहारिका क्षेत्र में नगर निगम द्वारा वृक्षारोपण अभियान के तहत सड़क किनारे पौधे लगाए गए थे। आरोप है कि ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल ने अपने कर्मचारी सुधीर गिरी को निर्देश देकर अभियान के तहत लगाए गए एक पौधे को कटवाकर वहां से हटवा दिया।
नगर निगम की टीम ने बिना अनुमति पौधे को नुकसान पहुंचाने की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
पुलिस ने दोनों को नोटिस देकर दी हिदायत
रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा के अनुसार, नगर निगम की लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद दुकान संचालक किशोर अग्रवाल और उनके कर्मचारी सुधीर गिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। दोनों को नोटिस जारी कर भविष्य में इस तरह का कृत्य नहीं करने की हिदायत दी गई है।
60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में करीब 60 हजार वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर को हरित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है।
साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख पर भी जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास लगाए गए पौधों और वृक्षों की सुरक्षा में सहयोग करें।
पर्यावरण संरक्षण के अभियान के बीच पौधे को नुकसान पहुंचाने की इस घटना ने सरकारी वृक्षारोपण की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।















