कोरबा। किंग कोबरा संरक्षण को लेकर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री श्री केदार कश्यप द्वारा कोरबा में जल्द स्नेक पार्क की योजना बनाने की बात कही गई है। वन मंत्री की इस पहल को कोरबा के वन्यजीव प्रेमियों, पर्यावरण संगठनों और आम नागरिकों ने स्वागत योग्य कदम बताया है।
कोरबा जिले में लंबे समय से जनप्रतिनिधियों, मीडिया, एनजीओ, वन्यजीव प्रेमियों और नागरिकों द्वारा स्नेक पार्क की मांग उठाई जाती रही है। अब इस मांग को शासन स्तर पर सकारात्मक दिशा मिलने से जिले में उम्मीद की नई किरण जगी है।

प्रस्तावित स्नेक पार्क के माध्यम से किंग कोबरा सहित विभिन्न सरीसृप प्रजातियों के संरक्षण, शोध और जन-जागरूकता को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही वन्यजीव शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्नेक पार्क के निर्माण से कोरबा में इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे कोरबा की जैव-विविधता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है। वहीं पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
वन्यजीव प्रेमी जितेंद्र सारथी ने कहा कि यह केवल एक पार्क बनाने की मांग नहीं है, बल्कि कोरबा की समृद्ध जैव-विविधता, वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और भविष्य के रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबे समय से उठाई जा रही यह सामूहिक मांग जल्द ही धरातल पर आकार लेगी।
उन्होंने कहा कि कोरबा में स्नेक पार्क की स्थापना केवल जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय होगी। इससे राज्य में वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति आधारित पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है।
















