ओवरब्रिज निर्माण के नाम पर एक लेन बंद होने से हर समय बनी रहती है गंभीर हादसों की आशंका
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपका को सौंपा ज्ञापन
कोरबा/दीपका। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र अंतर्गत गौरव पथ मार्ग की बदहाल स्थिति अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात प्रणाली को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है ।
तनवीर अहमद ने बताया कि एस.ई.सी.एल. (SECL) द्वारा गौरव पथ पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, निर्माण में संलग्न ठेकेदार द्वारा सड़क के एक लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, इसके चलते कोयला परिवहन और अन्य औद्योगिक गतिविधियों में लगे भारी वाहनों की आवाजाही दूसरे लेन से ही कराई जा रही है ।
आमजन की सुरक्षा खतरे में, सड़क जर्जर
एक ही लेन पर भारी कोयला वाहनों के साथ आम नागरिकों दोपहिया चालकों पैदल यात्रियों और हल्के वाहनों की आवाजाही होने के कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है । पूरी यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है, इसके अतिरिक्त अत्यधिक दबाव के कारण सड़क जगह-जगह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।

प्रमुख मांगें:-
- ओवरब्रिज निर्माण पूर्ण होने तक गौरव पथ पर भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
- आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए ।
इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा तहसीलदार दीपका तथा SECL गेवरा व दीपका क्षेत्र के अधिकारियों को भी भेजी गई है । यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में उग्र कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा ।
















