नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शनकारी छात्र साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। हालांकि मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया है। छात्र का आरोप है कि पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख की रोशनी चली गई।
राहुल गांधी केस दर्ज कराने के लिए शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे से संसद मार्ग में धरना दे रहे थे। उन्होंने कहा था कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, वे हटेंगे नहीं। इसके बाद 5.30 बजे पुलिस ने FIR लिखना शुरू किया था।
राहुल ने साहिल को लगे छर्रे दिखाकर कहा था- ‘पैलेट गन चलने के सबूत हैं। ये छर्रे साहिल के शरीर से निकले हैं। अगर पुलिस ने गन नहीं चलाई तो किसने चलाई है। पुलिस कह रही है कि उन्हें FIR नहीं करने के ऊपर से निर्देश हैं।’
राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी मौजूद थे। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्र साहिल घायल हो गए थे।
राहुल बोले- शिकायत की कॉपी ही नहीं मिली
राहुल का आरोप है कि 20 जुलाई के प्रदर्शन में साहिल पैलेट गन से घायल हुए। 14 अगस्त को उन्होंने दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उन्हें शिकायत की कॉपी ही नहीं मिली। 17 अगस्त को ईमेल और फोन से भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
दिल्ली पुलिस बोली- शिकायत क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत पीड़ित ने खुद दी है। 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच पहले से क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने शिकायतकर्ता को बताया है कि उसकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी।
राहुल के धरने की तस्वीरें…

राहुल अचानक संसद मार्ग थाने पहुंचे।

राहुल, पीड़ित छात्र साहिल और उनकी मां के साथ ऑफिस में डीसीपी से मुलाकात की।

राहुल डीसीपी ऑफिस से निकलकर थाने के बाहर जमीन पर धरने पर बैठे।

राहुल के साथ साहिल, उनकी मां और प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं।

संसद मार्ग थाने की सुरक्षा बढ़ाई गई है। यहां पर रैपिड एक्शन फोर्स भी तैनात की गई है।
















