कोरबा में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सख्त, पोड़ीबहार नाला निर्माण की होगी कोर कटिंग

Must Read

कोरबा। नगर निगम कोरबा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने गुरुवार को कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मौके पर कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनियमितता, घटिया निर्माण और अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।महापौर ने पोड़ीबहार नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विशेष रूप से अधिकारियों को गुणवत्ता परीक्षण कराने और कोर कटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों, स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और कार्य की प्रत्येक महत्वपूर्ण अवस्था में गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।महापौर ने लंबित विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब नहीं चलेंगे। जिन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर जल्द शुरू कराया जाए।

धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाकर उन्हें तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए महापौर ने कहा कि काम लेना आसान है, लेकिन उसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना अनिवार्य है। यदि निरीक्षण के दौरान कोई निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो नियमानुसार जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और जहां भी लापरवाही या अनियमितता सामने आएगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर श्री एन.के. नाथ, सहायक अभियंता श्री पीयूष राजपूत, उप अभियंता श्री अश्वनी दास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Latest News

12 सितंबर को लगेगी नेशनल लोक अदालत, कोरबा और कटघोरा न्यायालय में मामलों का होगा निराकरण

कोरबा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में 12 सितंबर 2026...

More Articles Like This