पथरीपारा के आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं व बच्चों के पोषण पर दिया जोर, गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार संपन्न
जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह व मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर ने किया ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ कार्यक्रम का शुभारंभ
कोरबा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में जनसेवा और जनजागरूकता से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा कोसाबाड़ी मंडल द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ कार्यक्रम का शुभारंभ पथरीपारा, वार्ड क्रमांक 20 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों से किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीमती मंजू सिंह ने गर्भवती महिलाओं एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए पौष्टिक एवं संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित प्रसव, बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म विधिवत संपन्न कराई गई। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और उन्हें खीर खिलाई गई। इस अवसर पर महिलाओं एवं अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि स्वस्थ मातृशक्ति और स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार इससे वंचित न रहे, इसके लिए निरंतर जनजागरूकता आवश्यक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, जनजागरूकता और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को लगातार गति दी जा रही है। ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ भी इसी सेवा भावना का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसके माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला कार्यसमिति सदस्य श्री प्रकाश अग्रवाल, मंडल महामंत्री श्री पुनिराम साहू, श्री मिलाप राम बरेठ, श्री श्रीधर द्विवेदी, कार्यक्रम की अतिथि एवं वक्ता श्रीमती चंचल राठौर एवं श्रीमती गोमती गेंदरे सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सोनू भारद्वाज, श्रीमती चंदा जायसवाल, श्रीमती केरवा, श्रीमती निधि ठाकुर, मितानिन श्रीमती ऊषा यादव, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं अभिभावकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उपस्थित लोगों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी मिलने तथा उनका लाभ प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ऐसे जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और जागरूकता का संदेश निरंतर जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

















