रायपुर/कोरबा । माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई ग्राम में देर रात पारिवारिक विवाद के बाद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार भुनेश्वर यादव ने पत्नी खिलेश्वरी साहू के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसी दौरान दोनों बच्चे भी मौके पर आ गए, जिन्हें भी आरोपी द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है।
अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण जिला
घटना में 10 वर्षीय आशीष साहू और 8 वर्षीय ज्ञान साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पत्नी खिलेश्वरी साहू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह घटना में आरोपी की पत्नी और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भुनेश्वर यादव ने कथित तौर पर उसी धारदार हथियार से खुद को घायल कर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।
मकान मालिक और पड़ोसियों से हुआ घटना का खुलासा
बताया जा रहा है कि देर रात हुए विवाद के बाद आज तड़के मकान मालिक और पड़ोसी आरोपी के निवास पर पहुंचे। वहां की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। पत्नी खिलेश्वरी साहू को भी गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच, साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

















