कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20-रामपुर एवं 21-कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) प्रशिक्षण 1 अक्टूबर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में कोरबा एवं करतला ब्लॉक के बीएलओ को मतदान केंद्र स्तर पर ईएलसी के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर तथा सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
अपर कलेक्टर माधुरी सोम ठाकुर ने बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों में ईएलसी क्लब गठित कर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीप कार्ययोजना के तहत अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए 14 से 17 वर्ष आयु के कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों, 18 से 25 वर्ष के नए युवा मतदाताओं, महिला, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं थर्ड जेंडर मतदाताओं सहित सभी वर्गों को मतदाता जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के “कोई भी मतदाता पीछे न छूटे” (No Voters to Be Left Behind) के सिद्धांत के अनुरूप सभी मतदाताओं को मतदान के महत्व, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी जानी चाहिए। साथ ही मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया और उपलब्ध मतदाता सेवाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक करने के लिए बूथ स्तर पर ईएलसी गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।
प्रशिक्षण में तहसीलदार बरपाली सत्यपाल रॉय, तहसीलदार करतला राहुल पांडेय, नायब तहसीलदार जानकी काठले, मधुसूदन साहू, दीपक पटेल एवं चंद्रभूषण चंद्रा सहित दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मास्टर ट्रेनर्स, जिला निर्वाचन कार्यालय के सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।

















