कोरबा। पिछले एक दशक के दौरान मानसून आमतौर पर अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह के बाद विदा होता रहा है, लेकिन इस बार मानसून की वापसी सामान्य समय से करीब 15 दिन पहले शुरू हो गई है। मौसम के इस बदलाव से अक्टूबर में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान बारिश की संभावना भी कम रहेगी।
वर्ष 2015 से अब तक मानसून की अवधि में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वर्ष 2021 में मानसून 21 अक्टूबर तक सक्रिय रहा था, जो इस अवधि में सबसे लंबे समय तक ठहरने का उदाहरण है। इसके विपरीत, इस बार अक्टूबर की शुरुआत में ही मानसून की वापसी के संकेत मिल रहे हैं। इससे मौसम में बदलाव के साथ गर्मी का असर बढऩे की संभावना जताई जा रही है। अक्टूबर में दिन के समय तेज धूप और रात के तापमान में बढ़ोतरी महसूस हो सकती है। आमतौर पर इस महीने मानसून की विदाई के बाद मौसम शुष्क होने लगता है। बारिश की गतिविधियां कम होने से तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ गर्मी का असर बना रह सकता है। शनिवार को पावर सिटी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में 14 डिग्री का अंतर रहा। आने वाले दिनों में तापमान का रुख मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। मानसून की जल्दी वापसी और बारिश की कम संभावना के बीच अक्टूबर में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, स्थानीय मौसम की स्थिति में बदलाव के कारण तापमान और बारिश के अनुमान में अंतर संभव है।

















