कच्चा तेल सस्ता, फिर भी पेट्रोल 100 पार! CPI ने भाजपा सरकार पर लगाया दोहरे चरित्र का आरोप

Must Read

कोरबा, 4 अक्टूबर 2026। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) जिला परिषद कोरबा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड पवन कुमार वर्मा ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार ऊंचे बने हुए हैं।

पवन कुमार वर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude की कीमत करीब 108 से 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, उस समय देश में पेट्रोल लगभग 71 रुपये और डीजल 55 रुपये प्रति लीटर के आसपास था। उनके अनुसार, उस दौर में विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर देशभर में आंदोलन किए थे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कच्चे तेल की कीमत करीब 102.25 डॉलर प्रति बैरल होने के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोल 102 से 115 रुपये और डीजल 95 से 104 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है। CPI ने इसे केंद्र सरकार की दोहरी नीति बताते हुए कहा कि टैक्स और एक्साइज ड्यूटी के कारण आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

CPI जिला सचिव ने निजी तेल कंपनी नायरा एनर्जी द्वारा पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये की बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में अन्य तेल कंपनियों की कीमतों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

पेट्रोल-डीजल महंगा होने से बढ़ रही महंगाई

वर्मा ने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर खेती, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ता है। डीजल महंगा होने से किसानों की लागत बढ़ती है, जबकि परिवहन खर्च बढ़ने से सब्जी, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे किसान, मजदूर, छात्र, युवा और मध्यम वर्ग सभी प्रभावित हो रहे हैं।

CPI की तीन प्रमुख मांगें

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला कोरबा ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगाई गई अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी तत्काल वापस लेने, बढ़ी हुई कीमतों को कम करने तथा पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाने की मांग की है। पार्टी ने तेल की कीमतों में आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को समाप्त करने की भी मांग उठाई।

पवन कुमार वर्मा ने कहा कि आम जनता सरकार की नीतियों को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

- Advertisement -
Latest News

ट्रंप के दबाव के बाद जी7 देशों में सहमति, इमरजेंसी रिजर्व से 10 करोड़ बैरल तेल-डीजल जारी होगा

वाशिंगटन। जी7 देशों ने एक अहम निर्णय लिया है। उन्होंने अपने इमरजेंसी रिजर्व से लगभग 100 मिलियन बैरल यानी 10...

More Articles Like This