कटघोरा। कटघोरा बस्ती के पीछे जुराली नदी के किनारे स्थित एक छोटी डाबरी में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते वह काफी खराब स्थिति में मिला।

शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर आगे की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद जुराली नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

















