रायपुर/कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चार राज्यों में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बार-बार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करने वाली कांग्रेस को अब बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के लिए हुए चुनावों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। उन्होंने विशेष रूप से कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही।
चुनावी हार के लिए अब किसे ठहराएगी जिम्मेदार?
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी नतीजे पक्ष में नहीं आने पर मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस अब अपनी इस हार के लिए किसे जिम्मेदार ठहराएगी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी चुनावी विफलताओं का ठीकरा मतदान प्रक्रिया पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।
जनता का विश्वास ही जीत की असली कुंजी
श्री साय ने कहा कि चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से, जीत के लिए जनता का विश्वास हासिल करना जरूरी है। केवल आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी से चुनाव नहीं जीते जा सकते। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी को अपनी रणनीति और कार्यशैली की समीक्षा करनी चाहिए तथा जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री के इस बयान से चुनावी नतीजों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।















