दर्री और जेलगांव क्षेत्र में चला विशेष अभियान, शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में दुकानदारों को दी गई चेतावनी
कोरबा। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत कोरबा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने 3 नवंबर 2026 को दर्री और जेलगांव क्षेत्र में कोटपा अधिनियम 2003 के तहत विशेष जांच एवं चालानी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 17 दुकानों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 चालान किए गए, जबकि 6 दुकानदारों को समझाइश देकर तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी, जिला नोडल अधिकारी (NTCP) श्री कुमार पुष्पेंश एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पद्माकर शिंदे के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया।

कार्रवाई के दौरान कोटपा अधिनियम की धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से संबंधित 6 चालान तथा धारा 6 (ब) के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित 5 चालान किए गए। इसके साथ ही सभी दुकानों में धारा 6 (अ) के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी पोस्टर भी चस्पा किए गए।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में सहायक औषधि नियंत्रक श्री महेंद्र देवांगन, औषधि निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमार भगत, जिला सलाहकार (NTCP) डॉ. मानसी जायसवाल, सोशल वर्कर श्री संतोष केवट, दर्री थाना के आरक्षक श्री कृष्ण भारद्वाज, दर्री जोन के स्वच्छता निरीक्षक श्री शैलेंद्र नामदेव, नगर निगम के एआरआई श्री सत्य प्रकाश राठौर एवं हेल्पर श्री मुकेश कुमार राज शामिल रहे।

तंबाकू मुक्त समाज बनाने की पहल
अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। साथ ही आम नागरिकों और दुकानदारों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत इस तरह की जांच और चालानी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में तंबाकू नियंत्रण के नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

JB News Korba | कोरबा, छत्तीसगढ़
























