माफीनामा मिलने तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे प्रेस क्लब के सदस्य, भाजपा संगठन को सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़। भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 9 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मोबाइल बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पत्रकारों का आरोप है कि जिला भाजपा सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोगों ने उनका वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कराने और मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

इस घटना को लेकर जिला प्रेस क्लब ने कड़ा विरोध जताते हुए भाजपा संगठन के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई है। प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विद्यावती सिदार से पत्रकारों और प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत कराने की मांग की है।
प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकार सार्वजनिक कार्यक्रम में अपने पेशेगत दायित्वों का निर्वहन करते हुए घटनाक्रम की कवरेज कर रहे थे। ऐसे में उनके काम में कथित हस्तक्षेप करना और उनके साथ इस तरह का व्यवहार करना पत्रकारिता की स्वतंत्रता एवं गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है।

इस मामले में जिला प्रेस क्लब की बैठक आयोजित कर घटना की निंदा की गई और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि जब तक विद्यावती सिदार द्वारा लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं किया जाता, तब तक प्रेस क्लब के सदस्य उनकी मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे।

प्रेस क्लब ने इस संबंध में भाजपा संगठन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा संगठन मंत्री को भी भेजी गई है।
अब इस पूरे मामले में भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और आगे उठाए जाने वाले कदमों पर नजरें टिकी हैं। वहीं, जिला प्रेस क्लब ने अपनी मांग पूरी होने तक बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया है।















