धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भव्य ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह; राज्यसभा सांसद नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल

Must Read
Advertisement

रायपुर, 14 नवंबर 2026 भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को राज्य स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नितिन नबीन और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य रूप से शामिल होंगे। आयोजन के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक संघर्ष और योगदान को नमन करने के साथ-साथ राज्य के जनजातीय परिवारों के उत्थान के लिए चलाई जा रही आवास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और वन अधिकार से जुड़ी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के अमर जनजातीय नायकों को किया जाएगा याद

‘धरती आबा’ के नाम से जन-जन में विख्यात भगवान बिरसा मुंडा ने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और स्वाभिमान के लिए समर्पित कर दिया था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती (15 नवंबर) को प्रतिवर्ष ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। धरमजयगढ़ में आयोजित इस समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय नायकों—शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु के अमूल्य योगदान और बलिदान का भी स्मरण किया जाएगा।

आवास और महतारी वंदन योजना से बदली लाखों परिवारों की तस्वीर

कार्यक्रम के लिए जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जनजातीय समाज तक पहुंच रहा है:

  • महिला सशक्तिकरण: महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से भी हजारों जनजातीय महिलाएं और बेटियां लाभान्वित हुई हैं।
  • पक्के आवास: प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत अब तक 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं।
  • विशेष अभियान: ‘धरती आबा अभियान’ से प्रदेश के 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के जरिए 1,544 गांवों के 56,569 विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। साथ ही, पशुधन विकास योजनाओं का लाभ हजारों जनजातीय पशुपालकों को मिला है।

शिक्षा और छात्रवृत्ति से संवर रहा युवाओं का भविष्य जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में वर्तमान में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बीते दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई है। इसके अलावा, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता को 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट कर दिया गया है।

वन अधिकार पत्र और जनजातीय विरासत का संरक्षण

वनवासियों को उनके पारंपरिक अधिकार दिलाने की दिशा में राज्य में अब तक 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और इतिहास को सहेजने के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से भव्य ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय’ विकसित किया गया है।

- Advertisement -
Latest News

बदल रहा है छत्तीसगढ़, संवर रही है आदिवासियों की जिंदगी 

रायपुर, 14 नवंबर 2026 : छत्तीसगढ़ सरकार की विकास, विश्वास और सुरक्षा की नीति के चलते पूरे छत्तीसगढ़ के...

More Articles Like This