कोरबा, 19 नवंबर। कोरबा जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ उरगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार नगर पालिका में पदस्थ एक एल्डरमैन भी शामिल बताया गया है। सभी आरोपी बाराद्वार क्षेत्र से कोरबा जिले के ग्राम पहाड़गांव पहुंचकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से नगदी रकम और ताश की पत्तियां जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मामले में उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 641/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने जुआ खेलते हुए अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46 वर्ष), शशिकांत दुबे (56 वर्ष), ज्योतिष वैष्णव (51 वर्ष), रविंद्र खाण्डे (26 वर्ष), दीपक कुमार बंसल (26 वर्ष) और आशुतोष राय (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बाराद्वार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रविंद्र खाण्डे के बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह जिला युवा मोर्चा में भी एक पद की जिम्मेदारी निभा रहा है। वहीं, इस मामले में एक शिक्षक के शामिल होने की जानकारी भी पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
उरगा पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है। जिले में जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।















