युवा महोत्सव में कला-कौशल से युवाओं ने संस्कृति को दिए नए रंग, मंत्री देवांगन ने बांटे पुरस्कार

Must Read
Advertisement

जिले के पांचों विकासखंडों के कलाकारों ने आठ विधाओं में दिखाई प्रतिभा, लोकगीत-लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां

कोरबा।जिले की युवा प्रतिभाओं को कला, संस्कृति और रचनात्मकता के क्षेत्र में मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं ने अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। नगर निगम सभागार में आयोजित उत्सव में जिले के पांचों विकासखंडों से पहुंचे युवा कलाकारों ने विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियां देकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और कलात्मक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित युवा महोत्सव युवाओं को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अहम है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता की कमी नहीं है। मेहनत, लगन और कौशल के बल पर वे नई उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम को महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कला एवं प्रतिभा के माध्यम से जिले तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, गजेंद्र मानसर, खेल अधिकारी दीनू पटेल, रामकृपाल साहू, सुनील पाण्डेय, श्रीमती सारिका रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।

आठ विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉक बैंड सहित आठ विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। पांचों विकासखंडों से पहुंचे प्रतिभागियों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच पर जीवंत किया। मादर की थाप पर थिरकते युवा नर्तक दलों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना दिया।

पोड़ी-उपरोड़ा की टीम लोकगीत में विजेता
महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए। लोकनृत्य (दलीय) में पीजी कॉलेज कोरबा की मुस्कान रानी कंवर एवं साथी विजेता रहे, जबकि थिरमन दास एवं साथी उपविजेता बने। लोकगीत (दलीय) में पोड़ी-उपरोड़ा के कन्हैया लाल एवं साथी के दल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि थिरमन दास एवं साथी उपविजेता रहे।

चित्रकला में अंकित कुमार कंवर विजेता और अलिशा तियू, निर्मला स्कूल उपविजेता रहीं। कविता लेखन में ऋचा स्वर्णकार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आस्था गुप्ता उपविजेता रहीं। रील चैलेंज में ऋचा स्वर्णकार विजेता और तरुण श्रीवास उपविजेता बने। पारंपरिक वेशभूषा में अर्चना लकड़ा और जय वेरूडकर विजेता रहे। नुक्कड़ नाटक में पाली की लवली सिदार टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रयास आवासीय विद्यालय, डिंगापुर कोरबा की आस्था एवं साथी उपविजेता रहे।

युवा महोत्सव ने जिले की युवा प्रतिभाओं को मंच देने के साथ लोककला, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।

- Advertisement -
Latest News

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर कोरबा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी…..20 एवं 21 नवंबर को हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज...

कोरबा, 19 नवंबर 2026/ मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट अनुसार 20 एवं 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की...

More Articles Like This