भगवान भोलेनाथ जिन्हें ब्रह्मांड का स्वामी माना जाता है, उनकी महिमा को समझ पाना इतना भी आसान नहीं है। भक्त भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए कई तरह के उपाय करते हैं। शिव मंदिर में जलाभिषेक करने से लेकर कांवड़ यात्रा के जरिए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। आज इस लेख के माध्यम से हम आपको शिव से जुड़े उन मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपने रहस्यों के लिए काफी प्रसिद्ध है। आइए जानते हैं इन मंदिरों के बारे में।
भगवान शिव का प्राचीन गंगा मंदिर
गढ़मुक्तेश्वर में स्थित है भगवान शिव का प्राचीन गंगा मंदिर जिसकी विशेषता है कि, मंदिर की सीढ़ियों पर पत्थर मारने पर उनमें से पानी में पत्थर फेंकने जैसी आवाज आती है। मानो ऐसा लगता है कि, मंदिर की सीढ़ियों को मां गंगा छूकर जाती है। मंदिर में मां गंगा की एक आदमकद मूर्ति और चार मुख की दूध के तरह सफेद ब्रह्मा जी की मूर्ति और शिवलिंग स्थापित है।

धबलेश्वर मंदिर
उड़ीसा के टिटलागढ़ में कुम्हड़ा पहाड़ियों पर स्थित है धबलेश्वर मंदिर जिसका रहस्य आपको भी सोचने पर मजबूर कर देगा। इस मंदिर की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि, जब बाहर का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला जाता है, तभी भी मंदिर के अंदर ठंडक बनी रहती है। बताया जाता है कि, गर्मियों के दिनों में मंदिर के अंदर का तापमान 10 डिग्री से भी कम हो जाता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि, गर्मियों के दिन में भी मंदिर के अंदर कंबल ओढ़ते हैं।
ऐरावतेश्वर मंदिर
तमिलनाडु में स्थित है ऐरावतेश्वर मंदिर जिसका निर्माण 12वीं सदी में चोल राजाओं द्वारा कराया गया था। बता दें कि यह मंदिर काफी अद्भुत है। यहां की सीढ़ियों पर संगीत गूंजता है। मंदिर की सबसे खास बात है तीन सीढ़ियां जिनपर पैर रखने से संगीत की अलग-अलग ध्वनि सुनाई देने लगती, लेकिन इसके संगीत के पीछे का क्या रहस्य है इसके आज तक कोई भी जान नहीं पाया।
बोधेश्वर महादेव मंदिर
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में स्थित है बोधेश्वर महादेव मंदिर जिसके बारे में कहा जाता है कि,नेवल नामक राजा को पंचमुखी शिवलिंग, नंदी और नवग्रह स्थापित करने को खुद महादेव ने कहा था। बताया जाता है कि, जब राज्यकर्मी रथ पर शिव, नंदी और नवग्रह लेकर जा रहे थे तभी वह रथ राजधानी में प्रवेश करते ही भूमि में धसने लगा।
इसके बाद तमाम प्रयास के बाद भी रथ बाहर नहीं निकलता। फिर राजा ने उसी स्थान पर सभी प्रतिमाओं की स्थापना करवाई। कहा जाता है कि मंदिर के शिवलिंग के सच्चे मन से स्पर्श करने से भक्तों की बीमारियां दूर हो जाती हैं। यही नहीं भोलेनाथ के पंचमुखी शिवलिंग मंदिर में आधी रात को दर्जनों सांप पंचमुखी शिवलिंग को स्पर्श करने आते हैं। फिर वह सभी जंगलों में लौट जाते हैं।















