27 नवंबर 2026/रायपुर।** भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनके वाहन चालक को भी चोटें आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं।

इसी दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटनाक्रम के कुछ देर बाद सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी दुर्घटना का शिकार हो गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनके चालक के सीने और हाथ में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सांसद के वाहन में कुल चार लोग सवार थे। अन्य घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सांसद लक्ष्मी वर्मा का रायपुर एम्स में उपचार जारी है।

















