कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 16 अगस्त 2025, शनिवार को पुरानी बस्ती रानी गेट स्थित मां दुर्गा मंदिर से भव्य व ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा शाम 4 बजे प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सत्यदेव मंदिर में संपन्न होगी।
इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत अति विशिष्ट अतिथि रहेंगी। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थिति देंगे।

श्री राधाकृष्ण सेवा समिति के प्रमुख विशाल साहू ने बताया कि शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी, फूलों की होली, करमा नृत्य समलपुरी, झूलन महोत्सव, धुमाल पार्टी, भव्य कृष्ण दरबार और भांगड़ा ग्रुप जैसी अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा, जगह-जगह आतिशबाजी और प्रसाद वितरण भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए श्रद्धा स्वरूप दान-दक्षिणा देकर सहयोग करें। इसके लिए आयोजन समिति द्वारा फोनपे/गूगलपे/पेटीएम QR कोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन कर इच्छुक व्यक्ति अपनी सहयोग राशि भेज सकते हैं।
आयोजक – श्री राधाकृष्ण सेवा समिति, कोरबा (छ.ग.)















