अंबिकापुर के पुराना बस स्टैंड के पास संचालित प्रिया मोबाइल में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में दुकान की तीनों मंजिलें आग की चपेट में आ गईं। आगजनी से लाखों के नुकसान की आशंका है। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आगजनी का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुराने बस स्टैंड में दुर्गाबाड़ी के सामने संचालित प्रिया मोबाइल दुकान में शाम करीब 8.30 बजे अचानक आग लग गई। आग कुछ ही देर में दुकान की तीनों मंजिल में फैल गई और दुकान में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। बताया गया है कि संचालक कुछ सामानों को दुकान से निकलने में सफल रहे, लेकिन फर्नीचर के साथ कुछ मोबाइल सेट भी आग की चपेट में आ गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग इतनी भीषण थी कि कोई आसपास भी नहीं जा पा रहा था। आग फैलकर बगल में स्थित सलीम मोबाइल दुकान तक भी पहुंच गई थी।
आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम को भी मशक्कत करनी पड़ी।
रेनोवेट के बाद पांच दिन पहले खुली थी दुकान
प्रिया मोबाइल के संचालक मनीष अग्रवाल ने एक माह दुकान बंद कर अपनी दुकान को रेनोवेट कराया था। दुकान में शोरूम के हिसाब से सभी नए फर्नीचर और अन्य सामान लगाए गए थे। नए सिरे से वायरिंग कर साज-सज्जा की गई थी। इसमें दुकान संचालक ने लाखों रुपए खर्च किए थे।
दुकान में पांच दिन पहले मोबाइल का नया स्टॉक और एसेसरीज भी लाए गए थे। अचानक दुकान में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से हुए नुकसान की सही जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।















