कोरबा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार, 21 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के तत्वावधान में टी.पी. नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भव्य संत समागम एवं कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों को साल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
गोपाल मोदी ने कहा—पवित्र मन में ही ईश्वर का वास
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने संत रविदास जी के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा”। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि सच्ची भक्ति के लिए मन का पवित्र होना सबसे जरूरी है। निर्मल मन, श्रद्धा और मानवता की भावना में ही ईश्वर का वास होता है।
डॉ. राजीव सिंह ने दिया समानता और भाईचारे का संदेश
रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाते हुए समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया। उनके अनुयायी समाज के विभिन्न वर्गों में रहे। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता, सद्भाव और समरसता के लिए प्रेरणादायी हैं।
भोजराम देवांगन ने कहा—समरस समाज की स्थापना का दिया संदेश
छत्तीसगढ़ हथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने संत रविदास जी के सामाजिक चिंतन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण हैं।
24 मंडलों में किया गया कलश वितरण
कार्यक्रम के दौरान जिले के 24 मंडलों के लिए धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कलश वितरण किया गया। इन कलशों को संबंधित मंडलों के मंदिरों में स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, संतोषी दीवान, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, अजय कंवर, नवीन मार्कंडेय, कमला बरेठ, अर्जुन गुप्ता, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, प्रीति स्वर्णकार, संजय राठौर, संजीव शर्मा, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे सहित सभी मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
JB News Korba Chhattisgarh — Manish Jaiswal
ऐसी ही कोरबा और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरों के लिए चैनल को Subscribe करें, Like करें, Comment करें और Share जरूर करें।
















