कोरबा, 15 जनवरी। Small Shopkeeper : बालको नगर में बालको प्रबंधन की कार्रवाई ने स्थानीय छोटे दुकानदारों और ठेला-गुमटी संचालकों में भारी आक्रोश भड़काया है। वर्षों से रोजी-रोटी चला रहे दुकानदारों को हटाने के नोटिस मिलने के बाद सैकड़ों व्यवसायी सड़कों पर उतर आए और न्याय की मांग की। इसमें पान ठेला, साइकिल रिपेयर, मोची, नाई, रजाई-गद्दा, चाट और फल-सब्जी बेचने वाले शामिल थे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में व्यवसायियों ने ज्ञापन सौंपा और कहा कि प्रबंधन की मनमानी से सैकड़ों परिवारों का चूल्हा बुझने की कगार पर है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को गरीब विरोधी और अमानवीय करार दिया।

जयसिंह अग्रवाल का तीखा हमला
बालको नगर पहुंचे जयसिंह अग्रवाल ने जनसभा में कहा कि दशकों की मेहनत से खड़ी रोजी-रोटी को उजाड़ने की साजिश किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो लड़ाई सड़क से लेकर प्रशासन तक जाएगी।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण, बिना अनुमति प्लांट विस्तार, सार्वजनिक सड़कों को अवरुद्ध करना, नाली-ड्रेनेज बाधित करना और जी-9 परियोजना में पर्यावरण नियमों की अनदेखी कर पेड़ों की कटाई की जा रही है।
निरीक्षण और चेतावनी
जनसभा के बाद उन्होंने जी-9 परियोजना, स्टॉप डैम के पास बन रही बाउंड्री वॉल और ऐश डाइक क्षेत्र का निरीक्षण किया। अग्रवाल ने कहा कि वैधानिक अनुमति और पर्यावरण स्वीकृति के बिना कोई निर्माण स्वीकार्य नहीं है और जिला प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि छोटे दुकानदारों को जबरन हटाया गया या सार्वजनिक सुविधाओं से छेड़छाड़ हुई, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। उनका संदेश साफ है कि कोई भी उद्योग कानून से ऊपर नहीं है और विकास के नाम पर गरीबों की रोजी-रोटी नहीं छीनी जाएगी।
प्रदर्शन में बालको चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष सुमेर डालमिया, कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, सैकड़ों कार्यकर्ता, छोटे दुकानदार और आम नागरिक मौजूद रहे। कांग्रेस ने दो टूक कहा कि बालको नगर के श्रमिकों और छोटे व्यवसायियों की लड़ाई आखिरी दम तक जारी रहेगी।















