कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 428.94 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 26 प्रकरण दर्ज किए गए और 28 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना व चौकी स्तर पर लगातार दबिश देकर अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महुआ से निर्मित अवैध शराब की कई भट्टियों को मौके पर ही नष्ट किया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन, ड्रम और अन्य उपकरण जब्त किए गए। अवैध परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस टीमों ने विशेष रूप से जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाकर छिपाकर रखी गई शराब और निर्माण स्थलों को चिन्हित कर नष्ट किया। सभी मामलों में आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















