रायगढ़, 12 जून। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के विरुद्ध बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के पास एक किराये के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा, संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई तथा पाइंटर द्वारा दिए गए ₹2,500 नगद जब्त किए गए। मौके पर मौजूद महिला गुंजन चौहान द्वारा किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने महिला दलाल के साथ दो पुरुष ग्राहकों नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार किया।
महिलाओं की गरिमा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस स्टाफ द्वारा तलाशी एवं कार्रवाई की गई। इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत धारा 3, 4 एवं 5 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 में प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“महिलाओं के शोषण एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
गिरफ्तार आरोपी
1. गुंजन चौहान (महिला दलाल)
2. नेहरू चौहान (ग्राहक)
3. मीर रविउल (ग्राहक)
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी साइबर टीआई विजय चेलक, एएसआई भागीरथी चौधरी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, रेणु सिंह, प्रधान आरक्षक करूणेश राय, दुर्गेश सिंह, रूपराम पटेल, बुजलाल गुर्जर, आरक्षक जगमोहन ओगरे, पुष्पेन्द्र जाटवर, महेश पंडा, संतराम केंवट, नवीन शुक्ला, विकास प्रधान, जितेन्द्र कुर्रे एवं महिला आरक्षक मेनका चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने का स्पष्ट संदेश गया है।















