कोरबा/पाली।
कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बनबांधां गांव में एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल किया। इस घटना ने न केवल आधुनिक तकनीक के गलत इस्तेमाल को उजागर किया है, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने घर के मोबाइल फोन से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक रतिराम यादव उससे इंस्टाग्राम के माध्यम से जुड़ा। आरोप है कि युवक ने लड़की की तस्वीरों और वीडियो को एआई की मदद से अश्लील रूप में बदल दिया और उन्हें लड़की को भेजकर डराने-धमकाने लगा।
आरोपी द्वारा इन आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को डिलीट करने के बदले लड़की पर जंगल में अकेले आने का दबाव बनाया जा रहा था। लड़की ने जब इसका साफ इनकार किया तो युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने और अधिक धमकियां देना शुरू कर दिया। उसने लड़की के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और उसकी जिंदगी बर्बाद करने की बात कही।
इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा रास्ते में आते-जाते समय लड़की से छेड़छाड़ की जाती थी और विरोध करने पर और गंभीर धमकियां दी जाती थीं। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर पीड़िता के परिजन शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि इस संबंध में थाना पाली में आरोपी रतिराम यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 79, 351(2), 67, 67(बी) तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 12 के तहत दिनांक 05/12/2025 को एफआईआर क्रमांक 432/2025 दर्ज कराई गई है।

हालांकि, परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही उसकी गिरफ्तारी हुई है। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी घर आकर और रास्ता रोककर उन्हें व उनकी पुत्री को लगातार धमकी दे रहा है। वह यह कहता है कि “पुलिस और साइबर सेल को खरीद चुका हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पूरे समाज, विशेषकर धोबी समाज के लोगों के सामने खुलेआम धमकी देता है और उन्हें समाज में बदनाम करने की बात कहता है। परिजनों का कहना है कि रतिराम यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके द्वारा कभी भी मेरे परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है।















