कोरबा। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रजनीश शर्मा निवासी रमेश गली सीतामणी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई 2026 की रात लगभग 10:40 बजे उसका बड़ा भाई रोशन शर्मा सीतामणी चौक से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, ईंट एवं पंच से हमला कर दिया। हमले में रोशन शर्मा के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले जिला अस्पताल कोरबा ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में नागेश यादव उर्फ मदरासी (19 वर्ष), रिकु यादव (23 वर्ष) एवं आलोक यादव (19 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी कोरबा के सीतामणी क्षेत्र के निवासी हैं।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है। पुलिस द्वारा जिले में असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी है।















